7:31 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

दहगवां। मालपुर ततेरा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

मालपुर ततेरा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गंगा स्नान कर मांगी सुख-समृद्धि की मन्नत

दहगवां। क्षेत्र के मालपुर ततेरा गंगा घाट पर आज मंगलवार को सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक महिला, पुरुषों और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की।

गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप, बाइक, साइकिल और बैलगाड़ियों सहित विभिन्न साधनों से घाट पर पहुंचे। घाट के आसपास जलेबी, पकौड़ी, प्रसाद, खाने-पीने की वस्तुओं और बच्चों के खिलौनों की दुकानें भी सजी रहीं। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मनोकामनाएं मां गंगा के समक्ष रखीं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मालपुर ततेरा चौकी इंचार्ज एसआई यतेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान दीवान अवधेश कुमार, हेमंत कुमार, दो महिला कांस्टेबल सहित थाना जरीफनगर का पुलिस स्टाफ तैनात रहा।

पुलिस टीम ने घाट पर बच्चों की सुरक्षा, गहरे पानी में जाने से रोकने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती। चौकी इंचार्ज यतेंद्र कुमार स्वयं पूरे समय व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते गंगा स्नान का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.