3:48 pm Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

मदर शील मेमोरियल एकेडमी में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई गुरु नानक जयंती।

मदर शील मेमोरियल एकेडमी में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई गुरु नानक जयंती।

उझानी (बदायूं) 23 नवंबर ।

मदर शील मेमोरियल एकेडमी में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए किया गया। बच्चों को उनके जीवन, महान विचारों और आदर्शों से परिचित कराया गया। बच्चों ने खंडा साहिब के चित्र में सुंदर-सुंदर रंग भरकर अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने सिख धर्म के प्रतीक और उसकी महत्ता के बारे में भी जाना।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू थरेजा ने बच्चों को गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं और उनकी शिक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को एकता, प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षाओं के अनुसार हमें हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए, मेहनत करके अपना जीवन यापन करना चाहिए तथा अपनी कमाई में से जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।

प्रधानाचार्या ने बच्चों को गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं नाम जपो, किरत करो और वंड छको का अर्थ भी समझाया। उन्होंने बताया कि ईश्वर को याद करना, ईमानदारी से मेहनत करना और मिल-बाँटकर खाना ही सच्चे जीवन का आधार है। उन्होंने बच्चों को आपसी भेदभाव से दूर रहकर सभी के साथ प्रेम और सम्मान से रहने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के निदेशक भारत थरेजा ने भी इस पावन अवसर पर बच्चों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि महान व्यक्तियों के जीवन से हमें हमेशा कुछ अच्छा सीखने का अवसर मिलता है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को बेहतर बनाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रसाद स्वरूप स्वादिष्ट लड्डू वितरित किए गए। प्रसाद पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस आयोजन में भाग लिया।

इस प्रकार विद्यालय में गुरु नानक जयंती का उत्सव धार्मिक भावना के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार और मानवता का सुंदर संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.