3:57 pm Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

शहीद की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, हर आंख हुई नम।

सिलहरी / बदायूं।

गांव आमगांव निवासी *लांस नायक अंकुश पटेल* का शव जब हिसार से बदायूं पहुंचा, तो पूरा इलाका शोक में डूब गया। *दातागंज तिराहा से लेकर गांव आमगांव तक* निकली शव यात्रा में ऐसा जन सैलाब उमड़ा कि हर किसी की आंखें नम हो गईं।

सेना के वाहन से जब शव गांव की ओर बढ़ा, तो सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों लोगों ने हाथ जोड़कर, पुष्प वर्षा कर वीर सपूत को नमन किया। *भारत माता की जय, अंकुश पटेल अमर रहें* के नारों से पूरा आसमान गूंज उठा।

*तिरंगे में लिपटा आया बेटा*

लांस नायक अंकुश पटेल का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ जब सेना के वाहन से पहुंचा, तो परिजनों का सब्र टूट गया। मां ने बेटे को देखते ही दहाड़ मारकर रोना शुरू कर दिया। पिता की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों में आंसू थे।

*दातागंज तिराहा से आमगांव तक लोगों का हुजूम*

शव यात्रा जैसे ही दातागंज तिराहा से आगे बढ़ी, रास्ते भर में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर श्रद्धांजलि दी। युवाओं ने बाइक रैली निकालकर शहीद को सलामी दी। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी सड़क किनारे खड़े होकर अपने वीर बेटे की एक झलक पाने के लिए आतुर थे।

गांव आमगांव पहुंचते ही माहौल और भी भावुक हो गया। पूरे गांव ने अपने लाल को अंतिम विदाई देने के लिए पलकें बिछा दीं।

*गांव का गौरव था अंकुश*

गांव वालों ने बताया कि अंकुश पटेल बचपन से ही देशभक्ति के जज्बे से भरा था। सेना में भर्ती होकर उसने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया। उसके जाने से गांव ने अपना एक सच्चा सपूत खो दिया है।

*अंतिम संस्कार में उमड़े लोग*

अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर सपूत को सलामी दी। इस दौरान वहां मौजूद हर व्यक्ति ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी।

आमगांव के इस वीर बेटे की शहादत को पूरा जिला हमेशा याद रखेगा।

— सिलहरी से पीएस पटेल की रिपोर्ट*

—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.