उझानी (बदायूँ)। ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न मनोरंजक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए बैगलेस डे रखा गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों को मनोरंजक भ्रमण के लिए उझानी स्थित गुरुद्वारा साहिब एवं कम्युनिटी पार्क ले जाया गया। इस भ्रमण में के.जी. की समस्त शिक्षिकाओं के साथ कक्षा एक की शिक्षिकाएँ शिवानी गुप्ता, समीना खातून एवं खुशबू तथा कक्षा दो की शिक्षिकाएँ रिया, सिमरन, ज़िकरा, संगीता, सिम्मी नाज़िश, प्रिया राना, गीता ठाकुर एवं सुगंधी बच्चों के साथ उपस्थित रहीं।
गुरुद्वारा साहिब में बच्चों ने धार्मिक एवं सेवा संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कीर्तन सुना, लंगर व्यवस्था को देखा तथा कड़ा प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत बच्चे कम्युनिटी पार्क पहुँचे, जहाँ उन्होंने झूलों का आनंद लिया, नृत्य किया तथा सामूहिक रूप से भोजन किया। विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती पूनम अग्रवाल द्वारा बच्चों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया गया। साथ ही, बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया।
वहीं, विद्यालय परिसर में कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने अनुभागों में केक काटकर चाचा नेहरू का जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षकों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इस प्रकार विद्यालय में बाल दिवस का उत्सव बच्चों के लिए मनोरंजन, आनंद एवं नई सीख से भरपूर रहा।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com