मिठाई की दुकानों पर छापेमारी से पहले ही शटर बंद, खाली हाथ लौटी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम! मिलीभगत या कुछ और?
टीम पहुंचने से पहले दुकानदारों को सूचना मिलने का आरोप, सोनपापड़ी की गुणवत्ता का मामला सामने आने के बाद हुई कार्रवाई; प्रत्यक्षदर्शियों ने विभागीय मिलीभगत और वसूली पर उठाए सवाल
कुंवरगांव संवाददाता।
कुंवरगांव, बदायूं। खराब गुणवत्ता की सोनपापड़ी के फोटो सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल होने और BDN India News Portal पर खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार टीम के साथ कस्बे में छापेमारी करने पहुंचे, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही अधिकांश मिष्ठान भंडारों के शटर गिर चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानदारों को टीम के आने की पहले ही भनक लग गई और वे दुकानें बंद कर चले गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कस्बे की एक स्वीट्स की दुकान पर काफी देर रुके, इसके बाद अन्य दुकानों पर पहुंचे तो वहां ताले और बंद शटर मिले। आखिर छापेमारी की सूचना दुकानदारों तक पहले कैसे पहुंच गई? क्या विभाग की कार्रवाई से पहले ही खबर लीक हो गई थी? प्रत्यक्षदर्शियों ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए। लोगों का कहना है कि बुधवार को भैया दूज पर जब मिठाइयों की सबसे ज्यादा बिक्री हो चुकी थी, तब गुरुवार को छापेमारी करना महज औपचारिकता नजर आया।
मामला कस्बे के निवासी राहुल रस्तोगी द्वारा भैया दूज के लिए एक नामचीन मिष्ठान भंडार से हल्दीराम ब्रांड की पैकिंग वाली सोनपापड़ी खरीदने से जुड़ा है। घर पर पैकेट खोलने के बाद मिठाई की गुणवत्ता खराब मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने फोटो सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल कर अन्य ग्राहकों को जागरूक किया था। इसके बाद अखबार में खबर प्रकाशित होने पर विभाग हरकत में आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दीपावली से भैया दूज तक मिठाइयों की भारी बिक्री के बावजूद समय रहते जांच नहीं होने पर सवाल उठाए। लोगों ने आरोप लगाया कि दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों द्वारा नगर के थोक विक्रेताओं और किराना व्यापारियों से वसूली की गई थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लोगों का सवाल है कि यदि दुकानों पर घटिया गुणवत्ता की मिठाइयां बिक रही थीं तो त्योहार से पहले जांच क्यों नहीं हुई? दुकान की सजावट और नाम बड़ा होने से गुणवत्ता की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दुकानदारों और सूचना लीक होने के आरोपों की पड़ताल की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि अखबार में खबर प्रकाशित होने का संज्ञान लेकर टीम छापेमारी करने पहुंची थी, लेकिन सभी दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए थे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com