छह माह की देरी के बाद भी 80 प्रतिशत निर्माण का दावा, जगह-जगह उखड़ने लगी सड़क; शिकायतकर्ता ने डीएम से तकनीकी और विजिलेंस जांच की मांग उठाई
कुंवरगांव बदायूं। से विजय नगला तक बनने वाली करीब 13.65 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना सवालों के घेरे में है। 25 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना में देरी और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर असिर्स बर्खिन निवासी विशाल यादव ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि निर्धारित समयसीमा बीतने के बावजूद सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ और तैयार हिस्सों में भी जगह-जगह गड्ढे दिखाई देने लगे हैं।
शिकायत के अनुसार, निर्माण कार्य डीआर बिल्डस्टेट गौतमबुद्धनगर को सौंपा गया था। काम 26 मार्च 2025 को शुरू हुआ और इसे 25 मार्च 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक दो अक्टूबर 2026 तक कार्य केवल 80 प्रतिशत ही पूरा हुआ था। इस मार्ग से जुड़े करीब 25 गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों और मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विशाल यादव का कहना है कि उन्होंने आरटीआई के माध्यम से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-द्वितीय ने 25 सितंबर 2026 को पत्र जारी कर परियोजना की समयसीमा और प्रगति का विवरण दिया था। उनका आरोप है कि निर्धारित समय से छह माह से अधिक समय बीतने के बाद भी ठेकेदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, 30 अक्टूबर को शिकायत के निस्तारण पर असंतुष्टि जताते हुए उन्होंने विभागीय जवाब पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि एक ओर पोर्टल पर 80 प्रतिशत निर्माण पूरा दर्शाया गया, वहीं विभागीय जवाब में केवल 60 मीटर भूमि पूजन का उल्लेख किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की एमबी (मेजरमेंट बुक), गुणवत्ता जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ जिलाधिकारी की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कराने और पूरे मामले की तकनीकी व विजिलेंस जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण के लिए लंबित है। अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की इस परियोजना में निर्माण की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कब होगी तथा जिम्मेदारी तय करने के लिए विभाग क्या कदम उठाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com