10:12 pm Tuesday , 10 November 2026
BREAKING NEWS

नरऊ गांव में दिवाली के बाद स्याऊ माता की पूजा, महिलाओं ने बच्चों के मंगलमय भविष्य के लिए की विशेष अर्चना

नरऊ गांव में दिवाली के बाद स्याऊ माता की पूजा, महिलाओं ने बच्चों के मंगलमय भविष्य के लिए की विशेष अर्चना।

उझानी बदांयू 10 नवंबर।

उझानी क्षेत्र के नरऊ गांव में दिवाली के पावन पर्व के बाद महिलाओं ने अपने बच्चों के मंगलमय भविष्य की कामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। दिवाली के अगले दिन प्रातःकाल उठकर महिलाओं ने गोबर से स्याऊ माता की स्थापना की और सामूहिक रूप से मंगल गीत गाते हुए पूजा-अर्चना की।

इस अनूठी परंपरा के अनुसार, महिलाएं दिवाली की रात बीतने के बाद सुबह जल्दी उठकर, बिना घर की सफाई किए, सीधे स्याऊ माता की पूजा करती हैं। गोबर से माता की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके बाद महिलाएं समूह मेंl बैठकर दीप प्रज्वलित करती हैं, मंगल गीत गाती हैं और बारी-बारी से पूजा करती हैं।

पूजा के दौरान मिठाई का भोग लगाया जाता है और बच्चों की लंबी आयु की कामना की जाती है। पूजा के समापन पर आरती उतारी जाती है और प्रसाद वितरण किया जाता है।

महिलाओं का कहना है कि यह पूजा विशेष रूप से छोटे और बड़े बच्चों के कल्याण और मंगल कामना के लिए की जाती है। इस परंपरा के माध्यम से वे अपनी संतान के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करती हैं।

नरऊ गांव में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इस बार भी गांव की महिलाओं ने बड़े उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ स्याऊ माता की पूजा की। पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.