बदायूं में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी वारिश गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
केशव गुप्ता
दातागंज मेले में चाकू से हमला कर हत्या और एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में था वांछित, मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल
बदायूं। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दातागंज मेले में चाकू से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या और दूसरे को घायल करने के मामले में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त मौहम्मद वारिश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को कस्बा दातागंज में मेले के दौरान चाकू से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले में थाना दातागंज पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्त मौहम्मद वारिश पुत्र रहीश अहमद निवासी फरीदपुर, जनपद बरेली पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था।
गुरुवार 12 नवंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे थाना अलापुर पुलिस ने ककराला रोड पर मोहम्मदगंज की पुलिया के पास अभियुक्त को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान हुई मुठभेड़ में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस आरक्षी भी घायल हो गया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com