।




गंगा घाट पर उमड़े लाखों श्रद्धालु, स्नान कर किया दान-पुण्य।
उझानी/कछला बदांयू 9 नवंबर।
सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व ऐसा लगा जैसे पूरा जिला ही गंगा मैया के चरणों में उतर आया हो। भोर होते ही कछला गंगा घाट पर हर-हर गंगे, जय गंगा मैया के जयकारे गूंजने लगे। अंधेरा छंटा नहीं था कि श्रद्धालुओं की कतारें घाट की ओर चल पड़ीं।
उझानी, बरेली, सहसवान, बिल्सी, बिसौली, कासगंज और दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, बसों, टेंपो और निजी वाहनों से कछला पहुंचे। किसी के हाथ में पूजा की थाली थी, किसी के सिर पर गंगाजल का कलश, तो किसी के साथ पूरा परिवार।
शुरुआत में घाट पर भीड़ सामान्य थी, लेकिन सुबह 8 बजे के बाद जैसे ही धूप निकली, भीड़ अचानक बढ़ गई। घाट के आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक जाम जैसी स्थिति बन गई।
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में स्नान को लेकर खास उत्साह देखा गया। बुजुर्ग महिलाएं सुबह 4 बजे ही घर से निकल आई थीं। उन्होंने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की, दीप दान किया और दान-पुण्य किया।
कई श्रद्धालुओं ने पितरों के नाम पर तर्पण किया, ब्राह्मणों को दान दिया और गंगा मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पंडितों के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है, पितरों को शांति मिलती है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या को ही सोमवती अमावस्या कहते हैं, और इसीलिए इसका पुण्य 100 गुना ज्यादा माना जाता है।
लोगों के लिए कछला घाट सिर्फ घाट नहीं, आस्था का केंद्र है। यहां हर अमावस्या, पूर्णिमा और पर्व पर मेला लगता है, लेकिन सोमवती अमावस्या पर नजारा ही अलग होता है।
इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी टाइट रही। पुलिस के जवान घाट पर तैनात रहे। गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में निगरानी करती रही। पुलिस ने श्रद्धालुओं से बार-बार अपील की – गहरे पानी में न जाएं, बच्चों को अकेला न छोड़ें।घाट पर लाउडस्पीकर से लगातार अनाउंसमेंट होता रहा।
घाट पर अजब-गजब नजारे दिखाई दिऐ कहीं चाय-पकौड़ी की दुकान, कहीं फूल-माला और पूजा सामग्री की दुकान।
कहीं गंगा किनारे बैठकर भजन गाते श्रद्धालु।
कहीं दान करते हाथ, कहीं गंगाजल भरते कलश। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर आते गांव के पूरे-पूरे परिवार।
दोपहर तक भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।


कछला से गोपी तोमर की रिपोर्ट।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com