शुभ मुहूर्त में हुआ लक्ष्मी-गणेश पूजन घरों से बाजार तक रोशनी की छटा देर रात तक बाजारों में रही रौनक।
उझानी, बदायूँ 9 नवंबर ।
उझानी में रविवार को दीपावली का पर्व पूरे धूमधड़ाके और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में साफ-सफाई, रंगोली और सजावट का दौर चलता रहा। दोपहर बाद से ही बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। शाम ढलते ही पूरा कस्बा रोशनी से नहा गया। घरों से लेकर बाजारों तक रोशनी और सजावट की छटा बिखरी रही। शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया तो घरों में भी आकर्षक विद्युत झालरों, लड़ियों और दीपों से सजावट की गई।
दीपावली को लेकर घरों में कई दिन से तैयारियां चल रही थीं। महिलाओं ने घरों में रंगोली बनाई, दरवाजों पर बंदनवार लगाए और लक्ष्मी जी के स्वागत की तैयारी की। बच्चों में सुबह से ही पटाखों को लेकर उत्साह था। रविवार शाम शुभ मुहूर्त में लोगों ने परिवार के साथ माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया। घरों में विधि-विधान से पूजा के बाद आरती हुई। इसके बाद घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए। लोगों ने अपने पुरखों को याद करते हुए भी दीप जलाए।
पूजन के बाद बाजारों में रौनक और बढ़ गई। घंटाघर चौराहा, कछला रोड ,स्टेशन रोड, बिल्सी रोड और मुख्य बाजार में देर रात तक लोगों की चहल-पहल रही। दुकानों पर झालरों, दीपों और सजावट की रोशनी से पूरा बाजार जगमगा उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का दौर चलता रहा।
शाम होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया, जो आधी रात तक चलता रहा। बच्चों ने फुलझड़ी और चकरी चलाकर दिवाली का आनंद लिया तो युवाओं ने आसमानी आतिशबाजी से आसमान रोशन कर दिया। हर गली-मोहल्ले में पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। आसमान में छोड़े गए रॉकेट और अनार ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। परिवार के लोग छतों और आंगन में बैठकर आतिशबाजी का आनंद लेते नजर आए।
इस दौरान पुलिस भी अलर्ट रही। प्रमुख चौराहों और बाजारों में पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। लोगों ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाया। देर रात तक घरों में पकवानों का दौर चलता रहा। लोगों ने कहा कि इस बार की दिवाली पिछले वर्षों से ज्यादा धूमधाम वाली रही।
राजेश वार्ष्णेय एमके






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com