11:47 pm Sunday , 8 November 2026
BREAKING NEWS

दिवाली पर घर पहुंचने को उमड़ी भीड़, ट्रेनों-बसों में पैर रखने को जगह नहीं

।

बदायूँ, 8 नवंबर।

दिवाली पर अपने घर पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशनों से लेकर बस अड्डों तक यात्रियों की भीड़ के कारण इंतजाम नाकाम हो गए। ट्रेनों में पैर रखने को जगह नहीं मिली तो बसों में भी मारामारी के हालात बने रहे। सीट तो दूर, खड़े होने के लिए भी लोगों को जद्दोजहद करते देखा गया। मजबूरी में तमाम लोगों ने डग्गामार और माल वाहनों में सफर किया।

शनिवार को बदायूँ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दोपहर से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दिल्ली, बरेली, आगरा, मुरादाबाद और कासगंज की ओर जाने वाली ट्रेनों के आते ही प्लेटफॉर्म पर पहले से इंतजार कर रही भीड़ कोच के दरवाजों पर जमा हो गई। इससे ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को भी रास्ता नहीं मिला। कोच पहले से ठसाठस भरे थे। ऐसे में यात्री दरवाजों पर लटक गए तो कुछ शौचालय के पास और पायदान पर बैठने को मजबूर हुए।

बस अड्डे पर भी यही हाल रहा। बदायूँ से उझानी, बिल्सी, सहसवान, बिसौली, दातागंज और बरेली जाने वाली बसों में चढ़ने के लिए लोगों में होड़ लगी रही। कई बसें बस अड्डे से ही फुल होकर निकलीं। जो लोग बस नहीं पकड़ पाए, वे प्राइवेट टैम्पो, डग्गामार बसों और ट्रैक्टर-ट्रॉली तक में बैठकर घर पहुंचे।

यात्रियों का कहना था कि दिवाली पर हर साल यही हाल होता है। बाहर नौकरी और मजदूरी करने वाले लोग त्योहार पर घर आना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों और बसों की संख्या नहीं बढ़ाई जाती। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। सामान के साथ प्लेटफॉर्म और बस अड्डे पर घंटों इंतजार करना पड़ा।

रेलवे और रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की कोशिश की गई, लेकिन यात्रियों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि सब कुछ कम पड़ गया। पुलिस ने स्टेशन और बस अड्डे पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जवान तैनात किए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.