सहकारी क्रय-विक्रय समिति की बैठक में किसानों के हित में बड़े फैसले, दो जगह खुलेंगे उर्वरक बिक्री केंद्र, खुलेगा जन औषधि केंद्र।
उझानी बदांयू 7 नवंबर।
सहकारी क्रय-विक्रय समिति (SKVS) उझानी की क्रय/प्रबंध कमेटी की बैठक शनिवार को समिति कार्यालय पर सभापति किशनचंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समिति और किसानों के हित में कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी।
बैठक में उपसभापति नेत्रपाल सिंह, संचालक प्रमोद गोस्वामी, रामपाल शाक्य, गजेन्द्र राजपूत, श्रीमती नीलम सिंह, नत्थूलाल, योगेश सिंह तोमर, शिव कुमार सिंह, अभय कुमार सिंह, श्रीमती सपना शर्मा एवं सचिव रविन्द्र कुमार पाठक मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में सचिव रविन्द्र कुमार ने किसानों को समय पर और सही दाम पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सहसवान एवं नरैनी चौराहा पर उर्वरक बिक्री केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा। संचालकों ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। इससे इन क्षेत्रों के किसानों को अब खाद के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा।
इसके बाद समिति में व्यवसाय वृद्धि और किसानों के हित को देखते हुए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। जन औषधि केंद्र खुलने से क्षेत्र के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिल सकेंगी।
बैठक के अंत में सभापति किशनचंद्र शर्मा ने सभी संचालकों एवं समिति कर्मचारियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि समिति हमेशा किसानों के हित में काम करती रहेगी।
बैठक में लिए गए फैसलों से क्षेत्र के किसानों और आम लोगों में खुशी की लहर है।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com