दाह संस्कार से लौट रहे अधेड़ को ईको ने मारी टक्कर, मौके पर मौत।


।
उझानी, बदायूँ 8 नवंबर ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दाह संस्कार में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे 48 वर्षीय व्यक्ति को पीछे से आ रही ईको गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के सात दिन बाद पीड़ित के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक हवलदार पुत्र रणवीर सिंह (48) निवासी ग्राम बरैनिया, थाना उसैहत, जनपद बदायूँ हैं। उनके पुत्र भानु प्रताप ने थाना कोतवाली उझानी में तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार, 30 अक्टूबर को पिता हवलदार एक दाह संस्कार में शामिल होने के लिए कछला गंगा घाट गए थे। वहां से बाइक से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वह कछला घाट पर मुख्य सड़क मार्ग, इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही ईको गाड़ी संख्या यूपी 02 बीएम-09732 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हवलदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बेटा पिता के क्रिया-कर्म में लग गया। क्रिया-कर्म से निपटने के बाद 7 नवंबर को थाने पहुंचकर उसने रिपोर्ट दर्ज कराई और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उझानी धर्मेन्द्र सिंह को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अविनाश पुंधीर को सौंपी गई है। पुलिस ईको चालक की तलाश में जुट गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com