8:08 pm Saturday , 28 November 2026
BREAKING NEWS

भटौली गांव में डेंगू की खबर से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप, 5 टीमों ने संभाला मोर्चा; घर-घर पहुंचकर की जांच और दवा वितरण

भटौली गांव में डेंगू की खबर से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप, 5 टीमों ने संभाला मोर्चा; घर-घर पहुंचकर की जांच और दवा वितरण

केशव गुप्ता

दातागंज। क्षेत्र के भटौली गांव में डेंगू के मरीजों को लेकर सामने आई खबरों के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों की पांच टीमों ने गांव पहुंचकर मोर्चा संभाला। अधिकारियों की मौजूदगी में घर-घर सर्वे, मरीजों की जांच, दवा वितरण और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अमित तिवारी और जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. तहसीन सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं ब्लॉक प्रभारी शामिल रहे। पांच टीमों में मंडल, जनपद, ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं को शामिल कर पूरे गांव में अभियान चलाया गया।
पुराने मामलों को लेकर अधिकारियों ने दी सफाई
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, पहले सामने आए 14 डेंगू के मामले सितंबर माह के हैं और दो परिवारों तक सीमित थे। वहीं, एक अन्य परिवार (गुप्ता परिवार) में चार मामले सामने आए थे। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल गांव में बुखार का कोई नया तेज प्रकोप (फीवर सर्ज) देखने को नहीं मिल रहा है और स्थिति सामान्य है।
घरों में मिला डेंगू का लार्वा, चलाया जा रहा विशेष अभियान
स्वास्थ्य शिविर के दौरान कोई गंभीर मरीज सामने नहीं आया, हालांकि कुछ घरों में डेंगू का लार्वा जरूर पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा नष्ट करने और मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत पूरे गांव को एक ही दिन में कवर करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि डेंगू के खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने और बुखार होने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दे रही हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.