आयुक्त कार्यालय के बाहर भाकियू टिकैत का हंगामा, किसानों ने एक घंटे तक किया चक्का जाम
बरेली। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने 26 नवंबर की शाम से बरेली आयुक्त कार्यालय में ‘घेरा डालो, डेरा डालो’ आंदोलन शुरू किया। बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत चार जनपदों के किसान देर रात तक आयुक्त कार्यालय और गन्ना समिति परिसर में जुटते रहे।
शुक्रवार सुबह आठ बजे से आयुक्त कार्यालय परिसर में माइक के माध्यम से पंचायत शुरू हुई। किसानों ने दोपहर एक बजे आयुक्त को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया था, लेकिन निर्धारित समय पर आयुक्त के बैठक में चले जाने की सूचना से किसान नाराज हो गए। इसके बाद किसानों ने आयुक्त कार्यालय के मुख्य गेट के सामने चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। एडीएम सिटी ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने कहा कि किसान अपनी समस्याएं लेकर आए हैं, लेकिन प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि किसान रात से कार्यालय में मौजूद थे, इसके बावजूद आयुक्त ने उनसे मुलाकात नहीं की।
वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह ने किसानों की समस्याओं और एमएसपी की कानूनी गारंटी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसान शांतिप्रिय हैं, लेकिन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना भी जानते हैं।
प्रदर्शन में बरेली जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह, बदायूं और शाहजहांपुर के जिला अध्यक्ष, पीलीभीत के जिला अध्यक्ष, प्रदेश सचिव वेद प्रकाश शर्मा, तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष पप्पू सैफी तथा बदायूं के जिला सचिव ठाकुर अर्जुन सिंह सहित सैकड़ों किसान और महिलाएं शामिल रहीं।
बाद में अपर आयुक्त को कार्यालय से जाम स्थल पर लाया गया। बातचीत के बाद दोपहर करीब 1:40 बजे किसानों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जाम खोल दिया गया और यातायात सामान्य हुआ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com