11:06 am Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं पुलिस लाइन में गूंजी एयर रेड की चेतावनी, सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट; पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम ने किया मॉक ड्रिल का प्रदर्शन

बदायूं पुलिस लाइन में गूंजी एयर रेड की चेतावनी, सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट; पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम ने किया मॉक ड्रिल का प्रदर्शन

केशव गुप्ता

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए परखी गई तैयारियां, आग बुझाने से लेकर घायलों के रेस्क्यू और अस्पताल पहुंचाने तक का हुआ अभ्यास
बदायूं। जनपद में कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर 2026 को बदायूं पुलिस लाइन में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, फायर सर्विस, डायल 112 और चिकित्सा विभाग की टीमों ने प्रतिभाग कर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया।
भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं शासन के आदेशों के अनुपालन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में सिटी मजिस्ट्रेट सुमित सिंह, एफएसओ रामराजा, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी एवं एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड जैसी काल्पनिक आपात स्थिति उत्पन्न कर सबसे पहले सायरन के माध्यम से चेतावनी दी गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लैकआउट कराया गया। पुलिस लाइन में आग लगने की काल्पनिक घटना के दौरान फायर सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। वहीं, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल टीम द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया और एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल बदायूं भेजने का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के दौरान एयर रेड जैसी परिस्थितियों में बचाव के तरीके, नागरिकों द्वारा बरती जाने वाली सावधानियां तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का भी प्रदर्शन किया गया। फायर फाइटिंग टीम ने आग से बचाव के उपायों के साथ ही गैस सिलेंडर से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी भी दी।
आपात स्थिति में बेहतर समन्वय का उद्देश्य
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आतंकी हमले, बम धमाके, आगजनी, दंगा, भगदड़ अथवा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं जैसी परिस्थितियों में पुलिस और प्रशासन की तैयारियों को परखना रहा। इसके साथ ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस एवं चिकित्सा विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, रिस्पॉन्स टाइम की जांच करना और आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य रहा।
ब्लैकआउट के दौरान क्या करें और क्या न करें, दी गई जानकारी
मॉक ड्रिल के माध्यम से नागरिकों को बताया गया कि ब्लैकआउट की स्थिति में घरों, दुकानों और वाहनों की लाइटें बंद रखें, खिड़की-दरवाजों पर पर्दे डालें, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। साथ ही अफवाह फैलाने, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने, भीड़ लगाने और संदिग्ध वस्तुओं को छूने से बचने की अपील की गई।
पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आमजन को संदेश दिया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह केवल आपातकालीन तैयारियों को परखने और लोगों को जागरूक करने का अभ्यास है। नागरिक अफवाहों से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.