ककोड़ा मेले में बदायूँ पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, श्रद्धालुओं को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
केशव गुप्ता
यातायात माह-2026 के तहत आरटीएम सोसाइटी के सहयोग से लगा जागरूकता शिविर, हेलमेट, सीट बेल्ट और रिफ्लेक्टिव टेप के महत्व की दी गई जानकारी
बदायूँ। यातायात माह-2026 के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में रविवार, 22 नवंबर 2026 को मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध ककोड़ा मेले में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यातायात पुलिस बदायूँ ने आरटीएम सोसाइटी (एनजीओ) के सहयोग से जागरूकता शिविर लगाकर मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं आमजन को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस एवं आरटीएम सोसाइटी की टीम ने लोगों को सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया गया।
इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की उपयोगिता बताते हुए समझाया गया कि इससे रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलती है। पुलिस टीम ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर आरटीएम सोसाइटी (एनजीओ) की डायरेक्टर श्रीमती रिदा खान एवं उनकी टीम, प्रभारी यातायात बदायूँ, टीएसआई, यातायात पुलिसकर्मी तथा स्काउट-गाइड के बच्चे मौजूद रहे।
बदायूँ पुलिस द्वारा यातायात माह-2026 के तहत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इन अभियानों का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com