2:25 am Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

पूर्व सैनिक की पीट-पीटकर हत्या, सड़कों पर उतरे पूर्व सैनिक, बोले – अब आर-पार की लड़ाई होगी।

पूर्व सैनिक की पीट-पीटकर हत्या, सड़कों पर उतरे पूर्व सैनिक, बोले – अब आर-पार की लड़ाई होगी।

उझानी में अंबेडकर चौराहे पर महाजाम, सीओ की मनुहार भी नहीं चली, जिलाध्यक्ष मनोज पाठक की ललकार – गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन होगा और बड़ा।

उझानी (बदायूं) 22 नवंबर।

जिसने बरसों तक सीमा पर देश की रक्षा की, उसी पूर्व सैनिक को अपने ही शहर में ड्यूटी के दौरान लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया। मंडी गार्ड राकेश कुमार की मौत के बाद अब पूर्व सैनिकों का सब्र टूट गया है।

मौत की खबर मिलते ही पूर्व सैनिक सड़कों पर उतर आए। नगर के अंबेडकर चौराहे पर ऐसा जाम लगा कि घंटों तक पहिया थम गया। हर तरफ एक ही आवाज गूंज रही थी – हमारे साथी की हत्या बर्दाश्त नहीं, हत्यारों को फांसी दो।

19 नवंबर की रात राकेश कुमार ने सिर्फ इतना किया था कि मिर्च लदे वाहन के कागजात मांग लिए। बस यही उनका गुनाह बन गया। चालक ने फोन कर अपने 6 साथियों को बुलाया और लाठी-डंडों से ऐसा हमला किया कि राकेश का सिर फट गया। बरेली के SRMS अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए पूर्व सैनिक।

पूर्व सैनिकों का आरोप है कि घटना को तीन दिन बीत गए, FIR हो गई, धाराएं बढ़ाने की बात हो गई, लेकिन एक भी हत्यारा पुलिस की पकड़ में नहीं आया। यही वजह है कि अब पूर्व सैनिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर खुला सवाल खड़ा कर दिया है।

जाम खुलवाने सीओ उझानी राहुल पांडेय मौके पर पहुंचे। बोले – धाराएं बढ़ा दी हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी। लेकिन गुस्साए पूर्व सैनिकों ने साफ कह दिया – पहले गिरफ्तारी, फिर जाम खुलेगा। आश्वासन से पेट नहीं भरेगा।

सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज पाठक ने मंच से ललकारा – तीन दिन बाद भी कोई अपराधी पकड़ में नहीं आया, यह पुलिस की नाकामी है। अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूर्व सैनिक सड़क से लेकर लखनऊ तक आंदोलन करेंगे।

सभी हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग के साथ
परिवार को 1 करोड़ मुआवजा और सुरक्षा मिले।
आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।

पूर्व सैनिकों ने कहा – यह सिर्फ राकेश की मौत नहीं, पूरे पूर्व सैनिक समाज के सम्मान पर हमला है। न्याय नहीं मिला तो यह जाम सिर्फ शुरुआत है, आंदोलन अभी बाकी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.