बारात में दबंगों का तांडव! बारातियों से मारपीट, चाकू से हमला कर युवक को किया घायल, सोने की चेन तोड़ी
केशव गुप्ता
**उसावां (बदायूं)।** उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम गुरा बरैला में बारात के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग युवकों ने बारात में घुसकर बारातियों के साथ मारपीट की और एक बाराती के गले से सोने की चेन तोड़ ली। हालांकि, बाराती ने चेन को तत्काल अपने हाथ में पकड़ लिया, जिससे आरोपी उसे लेकर नहीं जा सके।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को ग्राम गुरा बरैला निवासी रामनिवास उर्फ पटे पुत्र परिमाल के यहां बारात आई हुई थी। बारात चढ़ने के दौरान गांव के कुछ युवकों ने बारातियों के बीच घुसकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान एक बाराती के गले से सोने की चेन तोड़ ली गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब लड़की पक्ष के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चाकू, छुरी, सब्बल और हथौड़ी जैसे हथियारों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। हमले में संजीव पुत्र कंठी के सिर पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के मुताबिक, उसके सिर में चार टांके आए हैं। इसके अलावा कई अन्य लोगों को भी मारपीट में चोटें आई हैं।
मामले में रणवीर पुत्र कंठी निवासी ग्राम गुरा बरैला, थाना उसावां ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। तहरीर में गौरव पुत्र राजाराम, प्रद्युम्न पुत्र लेखराज, अनोज व विक्की पुत्र नेकसे उर्फ करु, ओमवीर पुत्र सालिगराम और शैलेश पुत्र मुलायम कश्यप समेत अन्य लोगों पर मारपीट और हमले के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com