2:23 am Saturday , 21 November 2026
BREAKING NEWS

इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

केशव गुप्ता

बदायूं। भारत रत्न एवं देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर 19 नवंबर को शहर कांग्रेस कमेटी बदायूं के कार्यालय, परशुराम चौक पर पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्नालाल सागर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव ओमकार सिंह ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनसे जुड़ा एक पुराना संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि 1980 के दशक में इंदिरा गांधी की इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं के मैदान में चुनावी जनसभा प्रस्तावित थी। लगातार चुनावी सभाओं के चलते उन्हें बदायूं पहुंचने में काफी देर हो गई और वह सुबह करीब चार बजे यहां पहुंचीं। आयोजकों ने सभा का समय सुबह 10 बजे निर्धारित कर दिया था।
ओमकार सिंह ने बताया कि उस समय इंदिरा गांधी को सुनने और उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह था। पूरी रात लोग मैदान में डटे रहे। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पूर्व विधायक स्वर्गीय अबरार भाई के नेतृत्व में आसपास के टालों से लकड़ियां लाकर अलाव जलाते रहे और रातभर सभा स्थल पर मौजूद रहे। सुबह करीब 11 बजे इंदिरा गांधी को सुनने के बाद ही लोग वहां से अपने घरों को लौटे।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के बताए सिद्धांतों पर चलना और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्नालाल सागर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने दलितों और वंचितों के हितों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
पुष्पांजलि सभा को जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़, जिला कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश बाबू शर्मा, समाजसेवी विनोद यादव और जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरपाल सिंह यादव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व और देश की एकता-अखंडता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव इगलास हुसैन ने किया।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश पाल शर्मा, महासचिव नूर सभा, समीम खान, फौजी अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव जाविर जैदी, वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष यादव, हसन खां, श्याम कुमार सिंह, शराफत हुसैन, प्रेमपाल, राम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.