2:34 am Saturday , 21 November 2026
BREAKING NEWS

खाद और गेहूँ के बीज की किल्लत पर किसानों का फूटा गुस्सा! जय किसान आंदोलन ने जिलाधिकारी के नाम सौंपा मांग पत्र, प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

खाद और गेहूँ के बीज की किल्लत पर किसानों का फूटा गुस्सा! जय किसान आंदोलन ने जिलाधिकारी के नाम सौंपा मांग पत्र, प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

केशव गुप्ता

बदायूँ। जनपद के उसावां और म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र में खाद एवं गेहूँ के बीज की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। सरकारी बीज गोदामों और सहकारी समितियों पर खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता न होने तथा महंगे एनपीके को लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों की इन समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए जय किसान आंदोलन ने जिला प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं।
दिनांक 20 नवंबर 2026 को जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी बदायूँ के नाम खण्ड विकास अधिकारी उसावां के माध्यम से मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र में उसावां और म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र के किसानों को गेहूँ का बीज और खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
आंदोलन की ओर से मांग की गई कि उसावां और म्याऊं के सरकारी बीज गोदामों पर तत्काल गेहूँ का बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को बुवाई के समय परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं वीरमपुर भदेली समिति पर महंगे एनपीके को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानी का समाधान कराने की भी मांग की गई।
इसके अलावा वीरमपुर भदेली, लिलवाँ, रिजोला उसावां और नवीगंज समेत अन्य साधन सहकारी समितियों पर डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई। साथ ही निजी खाद विक्रेताओं की दुकानों पर उपलब्ध खाद की मात्रा और जानकारी सूचना पट पर सार्वजनिक रूप से दर्ज कराने की मांग की गई, जिससे किसानों को खाद की वास्तविक उपलब्धता की जानकारी मिल सके और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े।
जय किसान आंदोलन ने किसानों के शोषण, खाद की कालाबाजारी और मनमानी कीमतों पर रोक लगाने के साथ-साथ खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू यादव ने किसानों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए मांग की कि कृषि कार्य के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद और बीज के लिए परेशान न होना पड़े तथा संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन किसानों की इन समस्याओं पर कब तक संज्ञान लेता है और उसावां व म्याऊं ब्लॉक के किसानों को खाद एवं गेहूँ के बीज की किल्लत से कब तक राहत मिल पाती है।
किसानों की मांग साफ है—समय पर खाद और बीज मिले, उचित मूल्य पर मिले और किसानों का शोषण बंद हो!

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.