।

बदायूं 19 नवंबर।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नेकपुर निवासी युवक सोनू की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जिम में मारपीट के बाद हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मौत का कारण अज्ञात वाहन की टक्कर बताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है।
नेकपुर निवासी शकुंतला पत्नी सर्वेश ने एसएसपी को दिए आवेदन में बताया कि उनका बेटा सोनू 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे नेकपुर की गली नंबर तीन स्थित टैप्ड जिम में जानकारी लेने गया था। आरोप है कि वहां जिम संचालक भोला और उसके साथ मौजूद 12 युवकों से सोनू का विवाद हो गया।
शकुंतला के मुताबिक, सभी ने सोनू को जिम के अंदर खींचकर शटर बंद कर दिया और लाठी-डंडों से पीटा। घटना की जानकारी सिकंदर सुंदर ने घर आकर दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो जिम बंद था और सोनू वहां नहीं मिला।
शकुंतला ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे सुंदर ने सोनू के मोबाइल पर फोन किया। फोन उठाने वाले ने खुद को दरोगा बताया और कहा कि सोनू मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। परिवार वहां पहुंचा, लेकिन सोनू नहीं मिला। दोबारा फोन करने पर जिला अस्पताल में देखने के लिए कहा गया। परिजनों के मुताबिक, जिला अस्पताल में भी सोनू नहीं मिला।
बाद में सोनू मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने उसके सिर, हाथ और जांघ पर चोट के निशान होने की बात कही है।
परिजनों ने जिम में मारपीट के आरोप लगाए हैं। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com