5:47 am Sunday , 15 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं – घर में सो रही नानी और नाती की हत्या से गांव में दहशत, लूट के बाद हत्या की आशंका

बदायूं – घर में सो रही नानी और नाती की हत्या से गांव में दहशत, लूट के बाद हत्या की आशंका।

थाने का सीयूजी नंबर न लगने का भी आरोप, क्षेत्र में व्यापक चर्चा

सिलहरी से पीएस पटेल

बिनावर (बदायूं) 14 नवंबर।

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात सामने आई है। घर में सो रही नानी और नाती की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह घटना का खुलासा होने पर गांव में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान
कान्हा नगला गांव निवासी नियाज बानो (47) और उनके नाती अफाक (7) के रूप में हुई है। नियाज बानो की बेटी हिना की शादी इसी गांव के आरिफ से हुई है।

शुक्रवार रात नियाज बानो अपने घर में नाती अफाक के साथ सो रही थीं। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे हिना अपनी मां और बेटे को चाय देने पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला था। जब हिना घर के अंदर घुसीं तो देखा मां और बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा था। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

कुंडल गायब, लूट के बाद हत्या की आशंका
शुरुआती जांच में महिला के कान से कुंडल गायब मिले हैं। ऐसे में पुलिस लूट के बाद दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। हालांकि हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वालों के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दोहरी हत्या की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के समय थाना बिनावर का सीयूजी नंबर न लगने की बात भी क्षेत्र में व्यापक चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस से संपर्क करने के लिए कई बार फोन लगाया गया, लेकिन नंबर नहीं लगा। इसको लेकर लोग पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.