पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने किया नगर पालिका का औचक निरीक्षण, सफाई व स्ट्रीट लाइट की खराबी पर जताई नाराजगी।
सुबह 10:30 बजे अचानक पहुंचे पालिका कार्यालय, कर्मचारियों में मचा हड़कंप – उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया, बोले – कामचोरी बर्दाश्त नहीं होगी।
उझानी बदायूँ 12 नवंबर।
नगर पालिका परिषद उझानी के चेयरमैन पति व पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने गुरुवार को सुबह करीब 10:30 बजे नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों की खराबी पर गहरी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने सफाई व्यवस्था ठीक न होने और शहर में लगी कई स्ट्रीट लाइटों के खराब पड़े होने पर संबंधित विभाग के कर्मचारियों और बाबुओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मौके पर ही सभी खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने का सख्त आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ कर्मचारियों की कामचोरी के कारण नगर पालिका की छवि धूमिल हो रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने उपस्थिति रजिस्टर मंगवाकर उसका भी बारीकी से निरीक्षण किया। कौन कर्मचारी समय पर आया, कौन देर से पहुंचा और कौन अनुपस्थित है, इसकी भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समय पर कार्यालय न आने और काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 पर लाने के लिए नगर पालिका पूरी ताकत से जुटी है, लेकिन इसमें शहरवासियों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घर व प्रतिष्ठानों का कूड़ा सड़कों पर नहीं, बल्कि कूड़े की गाड़ी / ठेली में ही डालें। अगर हर नागरिक यह संकल्प ले ले, तो अपना शहर स्वच्छ भारत अभियान की रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान पा सकता है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com