6:12 pm Monday , 2 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ – यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, पुलिस लाइन से जागरूकता बाइक रैली रवाना।

बदायूँ 2 नवंबर ।

रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूँ में आज यातायात माह नवंबर-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक बदायूँ एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।

एसएसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, अपनी लेन में चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, स्टंट बाइकिंग से बचने, प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने तथा जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता एवं एसएसपी अंकिता शर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स से ‘यातायात जागरूकता बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन चौराहा, इन्द्रा चौक, लावेला चौक एवं जेल तिराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर सम्पन्न हुई।

बदायूँ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन स्वयं भी करें तथा दूसरों को भी प्रेरित करें। आपका एक छोटा सा प्रयास अनमोल जीवन की रक्षा कर सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.