कासगंज स्टेशन पर FOB गर्डर लॉन्चिंग के लिए 4 दिन ब्लॉक, 5 ट्रेनों के संचालन में बदलाव।
28, 29 अक्टूबर और 1 व 4 नवंबर को सुबह 10 से 1 बजे तक रहेगा ब्लॉक, यात्रियों को होगी असुविधा।
बरेली 27 अक्टूबर ।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज रेलवे स्टेशन पर पैदल उपरिगामी पुल (FOB) के निर्माण कार्य के चलते रेल संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। 12 मीटर के FOB के गर्डर लॉन्चिंग के लिए रेलवे ने 28 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 1 नवंबर और 4 नवंबर 2026 को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तीन घंटे का मेगा ब्लॉक लेने का फैसला किया है।
इज्जतनगर मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ब्लॉक के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ ट्रेनों को बदले हुए समय और रूट से चलाया जाएगा।
इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर –
दो ट्रेनें देरी से चलेंगी –
गाड़ी संख्या 55335 कासगंज-मथुरा जंक्शन सवारी यह ट्रेन 28, 29 अक्टूबर और 1 व 4 नवंबर को कासगंज से 140 मिनट यानी 2 घंटा 20 मिनट की देरी से रवाना होगी।
गाड़ी संख्या 15038 कासगंज-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस यह ट्रेन भी इन्हीं चार दिनों में कासगंज से 20 मिनट देरी से चलेगी।
दो ट्रेनें बीच में ही होंगी खत्म (शॉर्ट टर्मिनेट) –
गाड़ी संख्या 55328 बरेली सिटी-कासगंज जंक्शन सवारी यह ट्रेन 28, 29 अक्टूबर और 1 व 4 नवंबर को कासगंज जंक्शन तक नहीं जाएगी। इसे कासगंज सिटी स्टेशन पर ही रोक दिया जाएगा। कासगंज सिटी से कासगंज जंक्शन के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी।
गाड़ी संख्या 55338 बरेली टाउन-कासगंज जंक्शन सवारी यह ट्रेन मारहरा स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दी जाएगी। मारहरा से कासगंज जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।
एक ट्रेन बीच से चलेगी (शॉर्ट ओरिजिनेट)
गाड़ी संख्या 55327 कासगंज जंक्शन-बरेली सिटी सवारी यह ट्रेन कासगंज जंक्शन से न चलकर कासगंज सिटी स्टेशन से चलेगी। कासगंज जंक्शन से कासगंज सिटी के बीच यह निरस्त रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के समय और संचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे पूछताछ या रेल हेल्पलाइन से जरूर ले लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com