5:56 pm Tuesday , 27 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं के मुजरिया में आवारा सांड के हमले से बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत

बदायूं के मुजरिया में आवारा सांड के हमले से बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत, मौके पर ही तोड़ा दम।

खेत पर जाते समय मेन रोड पर सांड ने मारी टक्कर, परिवार में मचा कोहराम।

बदायूं 27 अक्टूबर ।

मुजरिया थाना क्षेत्र के तिगोड़ा गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर जा रहे 65 साल के बुजुर्ग किसान नेत्रपाल की आवारा सांड के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि नेत्रपाल रोज की तरह सुबह खेती-बाड़ी के लिए खेत पर जा रहे थे। वह गांव के मेन रोड पर पहुंचे ही थे कि अचानक सामने से आए आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड की जोरदार टक्कर लगने से नेत्रपाल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो सांड भाग गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृतक नेत्रपाल गांव में खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार नेत्रपाल की एक बेटी और चार बेटे हैं और सभी की शादी हो चुकी है। पूरा परिवार खेती पर ही निर्भर था। बुजुर्ग की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए घर पर जुटे रहे।

सूचना मिलते ही मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा सांडों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की भरमार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.