
।
बदायूं 23 अक्टूबर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा मोहल्ले में दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। दुपट्टे से गला घोंटने का प्रयास किया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल हुआ है, जिसमें शरीर पर 9 गंभीर चोटें और एक उंगली टूटी हुई पाई गई है। पीड़िता का आरोप है कि थाने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो वह एसएसपी कार्यालय पहुंची।
मामला 19 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे का है। हाल में नई बस्ती बनिया, वजीरगंज में रह रही पीड़िता बेबी पत्नी सलीम ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 15 दिसंबर 2014 को सलीम पुत्र शमशेर निवासी आरिफपुर नवादा के साथ हुआ था। पिता ने हैसियत से अधिक 12 लाख रुपये खर्च कर दान-दहेज दिया था, लेकिन पति सलीम, ससुर शमशेर, सास इदरीशा, जेठ फहीम, जेठानी मैनाज, जेठ के लड़के नदीम-आरिस और शानू पुत्र नन्हू चार पहिया कार और पांच लाख नकद की मांग करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि उसके विकलांग पिता मांग पूरी करने में असमर्थ रहे तो ससुरालीजन दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पिछले साल उसकी छोटी बहन नेहा को मायके वालों ने वैगनआर कार दहेज में दी तो ससुरालियों का उत्पीड़न और बढ़ गया। आरोप है कि शादी में दी गई पैशन प्रो बाइक को वजीरगंज ले जाकर आग लगा दी, जो आज भी जली हालत में खड़ी है। करीब छह माह पहले जहर खिलाकर मारने का भी प्रयास किया गया। 5 दिसंबर 2025 को पति ने बच्चों आहिल और अरशान के स्कूल जाकर पढ़ाई रोकने के लिए लिखित प्रार्थना पत्र भी दे दिया था।
पीड़िता के मुताबिक 19 अक्टूबर को सभी ने उसे कमरे में बंद कर दुपट्टे से खींचा, जिससे गर्दन पर रगड़ और नाखूनों के निशान हैं। जेठानी मैनाज ने चाकू से गर्दन पर वार किया, जिसे हाथ से रोकने पर हाथ में गंभीर चोट आई और उंगली टूट गई। शोर पर मोहल्ले वाले और मायके से मां मतलूबन व भाई मोहम्मद नदीम ने पहुंचकर उसे बचाया।
पीड़िता ने 22 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com