बदायूं
मातृशक्ति और आंगनबाड़ी बहनों को सम्मान, नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य का लिया संकल्प
समरेर, उसावां और म्याऊं में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ‘सेवा संकल्प अभियान’ व ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित
बदायूं/दातागंज। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से विकासखंड समरेर, उसावां और म्याऊं में ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘आंगन मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के बीच उपस्थित होकर उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं धरातल पर दिन-रात निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से कर्मठ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही माताओं की गोदभराई तथा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
आयोजकों ने कहा कि नौनिहालों के बेहतर भविष्य और समाज के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए आंगनबाड़ी बहनों एवं सहायिकाओं का परिश्रम सराहनीय है। कार्यक्रम के अंत में मातृशक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष रूप से भावपूर्ण बना दिया।








bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


