बदायूं
25 हजार के इनामी गौकशी आरोपी से अलापुर पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली
केशव गुप्ता
दरोगा भी घायल, तमंचा-कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद
बदायूं। थाना अलापुर क्षेत्र में गौकशी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी जुम्मन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात ककराला-कादरचौक मार्ग स्थित ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक कमर अहमद भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि स्थानीय रिपोर्टों में भी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुम्मन पुत्र गट्टे उर्फ कमरउद्दीन निवासी ग्राम रमजानपुर, थाना कादरचौक, बदायूं के रूप में हुई है। वह थाना अलापुर में दर्ज मुकदमा संख्या 191/2026, धारा 3/5/8 सीएस एक्ट में वांछित था।
पुलिस का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर अलापुर और कादरचौक पुलिस ने ककराला-कादरचौक रोड पर ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए, जिसमें उपनिरीक्षक कमर अहमद के हाथ में गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, चार खोखे, तीन जिंदा कारतूस, एक छुरा और एक रस्सी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने 7 सितंबर की रात ग्राम गौरामई के जंगल से घूमंतू गोवंशीय बछड़े को पकड़कर अपने साथी के साथ गौकशी करने की बात बताई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कादरचौक और अलापुर थानों में गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट तथा आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उपचार के बाद पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में थाना अलापुर के थानाध्यक्ष सनी चौधरी मय पुलिस टीम तथा थाना कादरचौक के थानाध्यक्ष विक्रम सिंह मय पुलिस टीम शामिल रही।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


