11:40 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

अग्निशमन केंद्र प्रभारी ने अपनी टीम के साथ आंवला रोड स्थित पटाखा मार्केट का औचक निरीक्षण किया

बिसौली। त्योहारों के मद्देनजर अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अग्निशमन केंद्र प्रभारी ने अपनी टीम के साथ आंवला रोड स्थित पटाखा मार्केट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी, साथ ही खरीदारी करने पहुंचे आम नागरिकों को भी पटाखे जलाते और खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन केंद्र प्रभारी महेंद्र पाल सिंह ने प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र और पानी व रेत से भरी बाल्टियों की उपलब्धता की जाँच की। उन्होंने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि दुकानों में स्वीकृत मात्रा से अधिक पटाखे न रखें। साथ ही दुकान के आसपास नो-स्मोकिंग के बोर्ड लगाने और किसी को भी माचिस या बीड़ी-सिगरेट न सुलगाने देने की हिदायत दी गई। इसके अलावा, अग्निशमन अधिकारी ने पटाखा खरीदने आए ग्राहकों से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखे हमेशा किसी खुले स्थान पर ही जलाएं और बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन इंचार्ज महेंद्र पाल सिंह ने पाया कि कुछ दुकानों पर सुरक्षा उपकरणों की कमी थी, जिस पर उन्होंने दुकानदारों को तुरंत मानक पूरा करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। इस दौरान एफएसडी मुकेश कुमार, मनीष सिंह, विकास ढाका, मोहित सिरोही आदि उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.