बदायूं पुलिस की बड़ी कामयाबी! 16.80 लाख रुपये के 112 खोये मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
केशव गुप्ता
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय में मोबाइल स्वामियों को सौंपे उनके खोये फोन, मोबाइल वापस पाकर खिले लोगों के चेहरे
बदायूं। जनपद बदायूं में खोये और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर बदायूं पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल बदायूं और विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अलग-अलग कंपनियों के कुल 112 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए गुम और खोये मोबाइलों की तलाश शुरू की। सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस के अथक प्रयासों से 112 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
बुधवार, 4 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने बदायूं पुलिस, एसएसपी अंकिता शर्मा और स्वाट-सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
इन थानों की पुलिस ने बरामद किए मोबाइल
पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम थाना से 7, बिनावर से 3, हजरतपुर से 1, मूसाझाग से 1, सहसवान से 7, फैजगंज बेहटा से 2, कादरचौक से 3, उघैती से 3, जरीफनगर से 14, बिसौली से 6, सिविल लाइन से 25, मुजरिया से 1, कुंवरगांव से 4, बिल्सी से 1, उसावां से 3, अलापुर से 11, वजीरगंज से 1, उझानी से 5, इस्लामनगर से 7 और कोतवाली पुलिस द्वारा 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में निरीक्षक रविन्द्र सिंह प्रभारी स्वाट टीम मय टीम तथा निरीक्षक अरिहन्त कुमार सिद्धार्थ प्रभारी सर्विलांस सेल मय टीम का विशेष योगदान रहा।
बदायूं पुलिस की इस कार्रवाई से जहां मोबाइल गुम होने की शिकायत करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है, वहीं पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों की भी सराहना हो रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com