बिजली, पेयजल, सफाई और विकास कार्यों पर हुई चर्चा
बिल्सी। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर की प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभासदों की ओर से करीब 15 प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होकर करीब एक घंटे तक चली।
सभासद अजीत सिंह गुर्जर, प्रखर माहेश्वरी और बागीश माहेश्वरी ने नगर में महापुरुषों और प्रमुख मार्गों के नाम पर स्वागत द्वार बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। प्रखर माहेश्वरी ने कछला मार्ग स्थित श्मशान भूमि तक जाने वाली सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी। इस पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। सभासद निशा सागर ने बदायूं बस स्टैंड पर नाले का निर्माण कराने, जबकि खुर्शीदा बानो ने नगर में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने और फाफिंग कराए जाने की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पालिका की खाली पड़ी भूमि का उपयोग कराकर आय बढ़ाने की मांग भी की, जिस पर भूमि का चिह्नांकन कराने के बाद उपयोग में लाने पर सहमति बनी।
पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर ने बताया कि नगर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए करीब 100 नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पांच से छह स्वागत द्वारों का निर्माण कराया जाएगा।
बैठक की कार्रवाई अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने पढ़कर सुनाई। बैठक में विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य पाालिकाध्यक्ष के पति ओमप्रकाश सागर और लगभग सभी सभासद मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com