7:32 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में दोहरे हत्याकांड का खुलासा: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या

बदायूं में दोहरे हत्याकांड का खुलासा: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या, शोर मचाने पर 8 वर्षीय मासूम को भी उतारा मौत के घाट

केशव गुप्ता

बिनावर पुलिस ने 11 दिन बाद किया सनसनीखेज वारदात का खुलासा, 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। जिले के थाना बिनावर क्षेत्र के ग्राम कान्हा नगला में हुए महिला और आठ वर्षीय मासूम के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने के आरोप में गांव के ही 24 वर्षीय युवक आजिम उर्फ अजीम पुत्र जाकिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने छेड़छाड़ का विरोध करने और महिला के शोर मचाने पर बदनामी के डर से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे महिला के आठ वर्षीय नाती ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसकी भी गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को नूरआलम पुत्र जहूरबक्श ने थाना बिनावर में तहरीर देकर बताया था कि उनकी समधन नियाज बानो (करीब 50 वर्ष) 13 नवंबर की शाम अपनी बेटी हिना के आठ वर्षीय बेटे अफनान को साथ लेकर घर गई थीं। नियाज बानो घर में अकेली रहती थीं। अगले दिन सुबह जब हिना चाय लेकर उनके घर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला। अंदर नियाज बानो और अफनान के शव पड़े थे। दोनों के गले पर चोट के निशान थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गांव के ही आजिम उर्फ अजीम पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 नवंबर को विजय नगला चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में सिलाई का काम करता है और नशे का आदी है। मृतका नियाज बानो से उसकी पहले से जान-पहचान थी और वह उनके घर आता-जाता था। आरोपी महिला के प्रति आकर्षित था और उससे संबंध बनाना चाहता था।
आरोप है कि 13 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह नियाज बानो के घर पहुंचा और उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो बदनामी के डर से आरोपी ने दोनों हाथों से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसी दौरान महिला का नाती अफनान कमरे में पहुंच गया और चिल्लाने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बच्चे का मुंह दबाकर उसका भी गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने बच्चे के शव को चारपाई पर लिटाया और मौके से फरार हो गया।
एसओजी और सर्विलांस टीम ने निभाई अहम भूमिका
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजिम उर्फ अजीम पुत्र जाकिर निवासी ग्राम कान्हा नगला, थाना बिनावर, जनपद बदायूं के रूप में की है। इस मामले में थाना बिनावर पर मुकदमा अपराध संख्या 275/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मय पुलिस टीम, एसओजी प्रभारी मय टीम और सर्विलांस प्रभारी मय टीम शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.