निर्माणाधीन पुलिया से टकराई बाइक, शादी समारोह में जा रहे युवक की मौत
केशव गुप्ता
कलान (शाहजहांपुर)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर कलान थाना क्षेत्र के ग्राम विचोला के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने के कारण बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मदनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम क्यूरी निवासी अरविंद (40) पुत्र दाताराम ग्राम गियोड़ी, थाना परौर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विचोला गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बाराकलां चौकी इंचार्ज रंजीत बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com