उझानी- मंडी सचल दल पर जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।
अंबेडकर चौराहे पर मिर्च लदे वाहन को रोकना पड़ा भारी, 6 लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला, गार्ड की हालत अब भी नाजुक।
उझानी-बदायूं 21 नवंबर।
नगर में मंडी समिति के सचल दल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मंडी समिति के सचिव रिंकूलाल कश्यप की तहरीर पर कोतवाली उझानी में वाहन संख्या UP24AT8308 के चालक व उसके 6 अज्ञात साथियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज व मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ज्ञात रहे 19 नवंबर की रात करीब 8 बजे मंडी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में सचल दल अंबेडकर चौराहे पर रोड चेकिंग कर रहा था। तभी मिर्च लदा वाहन UP24AT8308 आया। टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन भगाकर ले गया। पीछा कर टीम ने वाहन को कुंढा नरसिंहपुर कोल्ड स्टोरेज के सामने रोका। वाहन में लगभग 30 कुंतल मिर्च लदी थी।
कागज मांगने पर चालक अभद्रता पर उतर आया और गाली-गलौज करने लगा। गार्डों ने समझाने का प्रयास किया तो चालक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। दो बाइकों पर आए करीब 6 लोगों ने लाठी-डंडों से टीम पर हमला बोल दिया।
हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज बदायूं ले जाया गया, जहां सीटी स्कैन में हेड इंजरी सामने आई। हालत गंभीर होने पर उन्हें एंबुलेंस से श्री राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट बरेली में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। दूसरे गार्ड वेदपाल को भी गुम चोटें आई हैं।
घटना के बाद से मंडी कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com