2:25 am Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

मिनी कुंभ ककोड़ा मेला: गंगा की कटरी में बसा तंबुओं का शहर, हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

मिनी कुंभ ककोड़ा मेला: गंगा की कटरी में बसा तंबुओं का शहर, हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

23 नवंबर को होगा विधिवत उद्घाटन, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान, काशी की तर्ज पर होगी भव्य गंगा महाआरती।

ककोड़ा-बदायूं, 22 नवंबर।

रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। गंगा की कटरी में तंबुओं का शहर बस गया है। शनिवार देर शाम तक हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचे भक्त गंगा स्नान और मेले का आनंद ले रहे हैं। मीना बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।

17 नवंबर को झंडी पूजन के साथ मेले का शुभारंभ हो चुका है। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली, टेंपो और निजी वाहनों से पहुंचकर तंबुओं की नगरी बसाने में जुटे हैं।

इस बार मेले में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। गंगा के जलस्तर और कटान को देखते हुए मेला स्थल को पिछले वर्ष की तुलना में करीब 100 मीटर पश्चिम दिशा में शिफ्ट किया गया है।

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस बार कुरमियान घाट की जगह नए स्थान पर मुख्य स्नान घाट बनाया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए अस्थायी बस अड्डे से लेकर बड़ी पार्किंग तक की व्यवस्था की जा रही है।

गंगा की रेती पर तंबुओं में रहने वाले कल्पवासियों की दुनिया मेले की चकाचौंध से अलग है। ये श्रद्धालु 10 दिन तक घर-परिवार की सुख-सुविधाओं से दूर रहकर संयमित जीवनशैली अपनाते हैं। भोर होने से पहले ही उनकी दिनचर्या शुरू हो जाती है। गंगा स्नान के बाद पूजा-पाठ, जप, ध्यान और धार्मिक चर्चा में समय व्यतीत होता है।

कार्तिक माह की षष्ठी पर छठ पूजा और गंगा पूजन, अष्टमी पर गोपाष्टमी, अक्षय नवमी, देवोत्थान एकादशी पर भगवान की आराधना और तुलसी विवाह जैसे आयोजन कल्पवास की धार्मिक दिनचर्या को विशेष बनाते हैं। मान्यता है कि पांच दिन कल्पवास कर पूर्णिमा पर स्नान करने से भी महीने भर के कल्पवास के बराबर पुण्य प्राप्त होता है।

मेला क्षेत्र में इस बार मथुरा की रासलीला, लखनऊ का कठपुतली शो और बदायूं का जादू शो भी आकर्षण बढ़ाएंगे। युवाओं के लिए कबड्डी, कुश्ती, वालीबाल और दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा वाराणसी की तर्ज पर गंगा तट पर भव्य महाआरती और आतिशबाजी की तैयारी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़े रास्ते, 525 अस्थायी हैंडपंप, मोबाइल शौचालय, अस्थायी चिकित्सालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है।

मेले में चार ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही घुड़सवार पुलिस गश्त करेगी। घाटों पर फ्लड पीएसी और गोताखोर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन फायर टेंडर और आठ क्रेन भी उपलब्ध रहेंगी।

23 नवंबर को दोपहर एक बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। इस बार करीब 100 निजी और 50 रोडवेज बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। मेला 1 दिसंबर तक चलेगा।

गंगा की उपधारा में कम पानी होने के कारण मुख्य स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने चुनौती बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने मेला प्रशासन से गंगा में जल की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.