


■ भैया-बहिनों ने गीत, भाषण एवं भगवान श्रीराम से जुड़े प्रेरक प्रसंगों की दी मनमोहक प्रस्तुतियाँ, अतिथियों ने दिया प्रेम, सद्भाव और ज्ञान के प्रकाश का संदेश।
बदायूँ। शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, सिविल लाइन्स, बदायूँ में संयुक्त रूप से दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहिनों ने गीत, भाषण एवं भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीपोत्सव का आयोजन दो चरणों में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय के भैया-बहिनों एवं आचार्य परिवार की सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता भोलेनाथ पाठक, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रियंका सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन कर किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दीपावली से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता भोलेनाथ पाठक ने दीपावली के पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने कहा कि दीपावली पाँच दिनों तक मनाया जाने वाला प्रकाश पर्व है। हमें दीपों की रोशनी के साथ-साथ अपने ज्ञान, संस्कार एवं सद्विचारों के प्रकाश से भी समाज को आलोकित करना चाहिए। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रियंका सिंह ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए सभी भैया-बहिनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विद्यालय के आचार्य-आचार्या बहिनों, कर्मचारीगण एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से दीपोत्सव मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा, सह-व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह, विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा एवं शिशु मन्दिर के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने माँ सरस्वती एवं भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीपमालिका प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य कृष्ण हरि शर्मा ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि आचार्य राकेश कुमार मिश्रा ने दीपावली के पंचपर्वों की परंपरा एवं उनके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। सह-व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह ने सभी से दीपावली का पर्व आपसी अपनत्व, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा ने अपनी स्वरचित कविता की पंक्तियाँ “घर-घर जाकर दीप जलाएँ, पंच पर्व की इस वेला में, गैरों को भी गले लगाएँ।” सुनाकर सभी को सामाजिक समरसता एवं आत्मीयता का संदेश दिया। वहीं विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों एवं आपसी प्रेम का पर्व है। हमें पुराने मतभेदों को भुलाकर अपने परिवार, समाज एवं परिचितों के साथ प्रेम, सद्भाव और सौहार्दपूर्वक यह त्योहार मनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से समस्त विद्यालय परिवार को दीपावली के उपलक्ष्य में मिष्ठान एवं उपहार भेंट किए गए। तत्पश्चात कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ आचार्य कौशल किशोर पाठक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय मीडिया प्रभारी लालाराम वर्मा, प्रवक्ता विनय चौहान, लक्ष्मीकांत पाठक, नरेश पाल सिंह, राजीव कुमार सिंह सहित दोनों विद्यालयों का समस्त आचार्य परिवार एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com