बदायूँ: 27 नवम्बर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ के निर्देशानुसार 12 दिसम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत राजवीर सिंह एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आंचल राना धवन ने शक्रवार को समस्त प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा अधिक से अधिक वादों को चिह्नित कर उनके निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों से कहा गया कि आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जागरूक करते हुए अधिकाधिक संख्या में प्री-लिटिगेशन विवादों को नियत कराया जाए। ऐसे विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने का यथासंभव प्रयास किया जाए, ताकि लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आंचल राना धवन ने बताया कि 28 नवम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से जनपद न्यायालय, बदायूँ में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित चालानी वादों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनपद के आमजन से अपील की कि वे विशेष लोक अदालत में अपने चालान से संबंधित वादों का निस्तारण कराकर इसका लाभ उठाएं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com