लखनऊ। बदायूँ। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव गिरफ्तार कर लिये गए। संविधान रक्षा मार्च में शामिल हजारों कांग्रेसियों को योगी सरकार ने गिरफ्तार कर ईको गार्डन में हिरासत में ले लिया। जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी बदायूँ के दर्जनों कांग्रेसी शामिल रहे। देर शाम सभी कांग्रेस जनों को बिना शर्त रिहा कर दिया गया।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर संविधान रक्षा मार्च करने का ऐलान किया था। मार्च प्रदेश कांग्रेस कार्यालय नेहरू भवन से जीपीओ चौराहे पर स्थित अम्बेडकर प्रतिमा तक निकाला जाना था। योगी सरकार ने संविधान रक्षा मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी। पूरे सूबे से दसियों हजार कांग्रेसी लखनऊ पहुंच गए। जिनमें बदायूँ जनपद से सैकड़ों कांग्रेसी भी शामिल रहे। नेहरू भवन पर संविधान रक्षा के लिए संकल्प सभा हुई जिसको कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य अतिथि के बतौर संबोधित किया। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत सभी बड़े कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
संकल्प सभा के बाद जैसे ही कांग्रेसी संविधान रक्षा मार्च के लिए प्रदेश कार्यालय से बाहर निकले तो पुलिस प्रशासन ने मॉल एवेन्यू रोड पर बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक लिया और सभी को गिरफ्तार कर इको गार्डन में हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव शीर्ष नेतृत्व के साथ पूरी मजबूती से मार्च में डटे रहे और उन्होंने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम व प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के साथ गिरफ्तारी दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि संविधान रक्षकों से योगी सरकार डरी हुई है। संविधान दिवस पर शांति पूर्ण मार्च कर रहे कांग्रेसियों की गिरफ्तारी से योगी सरकार का संविधान विरोधी चरित्र बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हर कुर्बानी देकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान विरोधी योगी सरकार को कांग्रेस सहयोगी दल के साथ मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता से हटाकर ही दम लेगी। बदायूँ के कांग्रेसी हर कदम पर शीर्ष नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े मिलेंगे। गिरफ्तार लोगों में बदायूँ कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, उझानी नगर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू सैफी, उसहैत कांग्रेस नगर अध्यक्ष यूनिस रजा, कांग्रेस जिला सचिव डा 0 खलील अहमद, रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com