बदायूँ: 27 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 28 एवं 29 नवम्बर 2026 (शनिवार एवं रविवार) को जनपद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने इस संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान की दोनों तिथियों को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान बीएलओ अपने मतदेय स्थल से संबंधित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं स्थानीय नागरिकों के समक्ष पूरी मतदाता सूची को स्पष्ट रूप से पढ़कर सुनाएंगे। सूची पढ़ने की गतिविधि की फोटो एवं वीडियो बनाई जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि मतदाता सूची पढ़ते समय प्रत्येक मतदाता के नाम, फोटो, पिता/पति/माता के नाम तथा आयु का मिलान कर स्पष्ट रूप से जांच की जाए कि सभी प्रविष्टियां सही हैं अथवा नहीं। यदि किसी मतदाता के नाम, फोटो, संबंधी के विवरण या आयु में त्रुटि पाई जाती है, किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी मृतक या स्थानांतरित मतदाता का नाम दर्ज है, तो संबंधित व्यक्ति से मौके पर ही प्रारूप-6, प्रारूप-7 अथवा प्रारूप-8 भरवाकर प्राप्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सेक्टर/सुपरवाइजर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदेय स्थल बंद न रहे तथा प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे विशेष अभियान एवं मतदाता सूची पढ़ने का कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com