7:21 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

संविधान दिवस पर आंबेडकर पार्काें में जनप्रतिनिधियों ने किया शिलान्यास व पूजन

बदायूँ: 26 नवम्बर। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजनान्तर्गत जनपद में विधानसभावार चयनित छह स्थलों पर शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक संपन्न हुए। आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर चयनित स्थलों पर विकास कार्यों का शिलान्यास कर संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ, जिसका सजीव प्रसारण जनपद में विधानसभावार आयोजित कार्यक्रमों में दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
जनपद की विधानसभा दातागंज के विकासखंड समरेर के ग्राम कमां में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक अतेन्द्र विक्रम सिंह, विधानसभा सदर के विकासखंड वजीरगंज के ग्राम धर्मपुर में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, विधानसभा बिल्सी के विकासखंड अम्बियापुर के ग्राम रम नगला में बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, विधानसभा शेखूपुर के विकासखंड जगत के ग्राम हयात नगर में पूर्व शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, विधानसभा सहसवान के विकासखंड अम्बियापुर के ग्राम बेहटा गुसाईं छोलायन में शारदेंदु पाठक तथा विधानसभा बिसौली के विकासखंड इस्लामनगर के ग्राम भुसाया में आयोजित कार्यक्रम में बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने डॉ0 भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को समान अधिकार दिलाने और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। बाबा साहब का जीवन शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने तथा संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं। संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, समाज कल्याण विभाग के सहायक प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.