7:21 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का किया अवलोकन

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी मॉकपोल कर समझी मतदान प्रक्रिया
बदायूँ: 25 नवम्बर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों एवं मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जनपद में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए सभी तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर मॉकपोल के माध्यम से ईवीएम की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का जायजा लिया तथा स्वयं भी मॉकपोल किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 20 नवम्बर 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जो विधानसभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय अथवा तहसील मुख्यालय पर डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक खुले रहेंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रों पर तैनात प्रशिक्षित कार्मिक मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को मॉकपोल के लिए प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक मतदाता ईवीएम के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया को समझ सकें और उनके मन में किसी प्रकार की शंका न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने ईवीएम का बटन दबाकर मॉकपोल किया तथा वीवीपैट मशीन की पारदर्शी खिड़की से अपने द्वारा डाले गए डमी वोट की पर्ची का अवलोकन किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने भी ईवीएम का बटन दबाकर मॉकपोल किया तथा मतदान प्रक्रिया को बारीकी से समझा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.