7:21 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

प्रसव के 15 दिन बाद महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

प्रसव के 15 दिन बाद महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

केशव गुप्ता

बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के मुगर्रा महानगर गांव में प्रसव के 15 दिन बाद एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के बाहपुर गांव निवासी नीलम की शादी करीब तीन साल पहले बदायूं के मुगर्रा महानगर गांव निवासी किसान आर्येंद्र के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक, बीती 11 नवंबर को नीलम ने घर पर बच्चे को जन्म दिया था। हालांकि, जन्म के कुछ समय बाद ही नवजात की मौत हो गई। इसके बाद से नीलम की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। उसका गांव के ही एक निजी डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा था।
बुधवार को नीलम की हालत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां बुधवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान नीलम ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलने पर कटरा सआदतगंज चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार राघव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.