डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान, शिकायत पर गांव पहुंचे अपर जिला सहकारिता अधिकारी
केशव गुप्ता
उसावां। गेहूं की बुवाई का सीजन शुरू होने के साथ ही डीएपी खाद की किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। साधन सहकारी समिति वीरमपुर भदेली पर डीएपी खाद उपलब्ध न होने से परेशान किसानों ने जिले के अधिकारियों से शिकायत कर खाद उपलब्ध कराने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को अपर जिला सहकारिता अधिकारी रमेश कुमार सिंह किसानों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान किसान रामबाबू, सत्यदेव सहित अन्य किसानों ने बताया कि गेहूं की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन समिति पर डीएपी खाद नहीं मिलने से बुवाई प्रभावित हो रही है। किसानों को खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अपर जिला सहकारिता अधिकारी रमेश कुमार सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही समिति पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने साधन सहकारी समिति के सचिव रविन्द्र सिंह को निर्देश दिए कि छोटे किसानों और बटाई पर खेती करने वाले किसानों को खेत स्वामी की संस्तुति के आधार पर डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी किसान को खाद के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का भरोसा भी दिलाया। इस मौके पर क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com