7:31 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा मैया के जयकारों से गूंजा कछला, 5 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

।

सुबह से शाम तक उमड़ी भीड़, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लगी लंबी कतार, जलेबी के दाम 100 से पहुंचे 140 रुपये।

कछला (बदायूं) 24 नवंबर ।

कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को कछला गंगा घाट पर आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। हर-हर महादेव और गंगा मैया की जय के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा। दिन भर में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।

बदायूं जिले के अलावा आसपास के गैर जनपदों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रेन, मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से कछला पहुंचे।

सुबह 9 बजे तक श्रद्धालुओं की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन 9 बजे के बाद भीड़ अचानक बढ़ गई। सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां घाट की ओर आने लगीं। प्रशासन की अच्छी व्यवस्था के कारण दिनभर जाम जैसी स्थिति नहीं बनी।

घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन किया। जगह-जगह कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से कछला चौराहे से लेकर गंगा घाट तक जगह-जगह पुलिस तैनात रही।

मेले में जलेबी को लेकर खास क्रेज देखने को मिला। जगह-जगह जलेबी की दुकानें सजी थीं। सुबह 9 बजे तक जलेबी 100 रुपये किलो बिक रही थी, लेकिन भीड़ बढ़ते ही दुकानदारों ने दाम बढ़ाकर 140 रुपये किलो कर दिए। इसके बावजूद दुकानों पर श्रद्धालुओं की लंबी भीड़ लगी रही।

मानवता की एक मिसाल भी इस मेले में देखने को मिली। 90 वर्षीय क्रांति देवी सुबह 11 बजे कछला गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचीं। अधिक भीड़ होने के कारण वह रास्ते में बैठ-बैठकर जा रही थीं।

तभी वहां से गुजर रहे कछला चौकी इंचार्ज अविनाश पुंढीर की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल बुजुर्ग माताजी को गोद में उठाकर मोटरसाइकिल पर बिठाया और स्नान स्थल तक छोड़ा। स्नान कराने के बाद उन्हें टेंपो में बैठाया। माताजी ने कहा कि उन्हें बदायूं जाना है।

चौकी इंचार्ज के इस कार्य की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।

दोपहर 12 बजे अधिक भीड़ पहुंचने से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लाइन लगाकर आने लगीं, जिससे जाम जैसी स्थिति बनने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज अविनाश पुंढीर दलबल के साथ कछला चौराहे पर पहुंचे और यातायात को सुचारू कराया।

गोपी तोमर कछला।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.