3:48 pm Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

टैंक की चपेट में आकर शहीद हुआ बदायूं का लाल..

  1. टैंक की चपेट में आकर शहीद हुआ बदायूं का लाल­गांव में मातम, पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल।

बदायूं 23 नवंबर।

हरियाणा के हिसार में सेना के युद्धाभ्यास के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में बदायूं का जवान नायक अंकुश कुमार शहीद हो गया। जैसे ही शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरा गांव बिलख पड़ा। हर आंख नम थी, हर जुबान पर सिर्फ एक ही बात थी — हमारा लाल देश के लिए शहीद हो गया।

हिसार के भोजराज क्षेत्र में भारतीय सेना का रूटीन युद्धाभ्यास चल रहा था। करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे। टैंकों के चलने से इतनी भारी धूल उड़ रही थी कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोर्चे पर तैनात नायक अंकुश कुमार और उनके साथी जवान टैंक की चपेट में आ गए। टैंक के ड्राइवर को धूल के कारण जवान दिखाई नहीं दिए। दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

साथी जवानों ने तुरंत दोनों को हिसार के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बाद भी दोनों को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने दोनों को शहीद घोषित कर दिया।

शहीद अंकुश कुमार का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से जब गांव लाया गया, तो पूरे गांव में मातम छा गया। तिरंगे में लिपटे ताबूत को देखते ही मां-पिता, पत्नी और परिजनों का सब्र टूट गया।

मां बार-बार बेटे का नाम लेकर बिलख रही थीं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। छोटे-छोटे बच्चों को समझ ही नहीं आ रहा था कि उनके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे। गांव की महिलाओं की आंखों से भी आंसू थम नहीं रहे थे।

शहीद अंकुश कुमार की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। गांव ही नहीं, आसपास के दर्जनों गांवों से लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। भारत माता की जय, शहीद अंकुश कुमार अमर रहें के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।

सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और तिरंगा पिता को सौंपा गया। इसके बाद श्मशान घाट पर बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी।

नायक अंकुश कुमार बेहद साधारण परिवार से थे। बचपन से ही उनका सपना सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना था। कड़ी मेहनत और लगन से उन्होंने यह सपना पूरा किया और भारतीय सेना में नायक के पद तक पहुंचे।

गांव के लोग बताते हैं कि अंकुश बेहद मिलनसार, अनुशासित और देशभक्त युवक थे। छुट्टी पर जब भी गांव आते, तो सभी से हंसकर मिलते। गांव के युवाओं के लिए वे प्रेरणा थे। कई युवा उन्हें देखकर ही सेना में जाने का सपना देखने लगे थे।

परिवार में माता-पिता, पत्नी और मासूम बच्चे हैं। अंकुश ही परिवार का सबसे बड़ा सहारा थे। उनके शहीद होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शहीद के पिता ने आंसू पोंछते हुए कहा — मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ है, इस पर मुझे गर्व है। उसने वर्दी की शान रखी। देश से बड़ा कुछ नहीं होता।

वहीं ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि शहीद के परिवार को हर संभव मदद दी जाए, गांव में शहीद के नाम पर स्मारक बनाया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.