3:48 pm Monday , 23 November 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी -तमंचे की नोक पर कमीशन एजेंट…

बिल्सी -तमंचे की नोक पर कमीशन एजेंट से 11 लाख की लूट, कार से टक्कर मारकर खंती में गिराया।

बदायूं 23 नवंबर ।

बिल्सी इलाके में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। कमीशन एजेंट सिद्धांत कुमार शर्मा से तमंचा दिखाकर 11 लाख रुपये से भरा बैग, मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात लूट लिए गए। वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी का सुराग नहीं लगा है।

पीड़ित सिद्धांत कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि हैवतपुर और बधौली के बीच चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत सड़क किनारे खंती में जा गिरे और घायल हो गए।

अभी वह खंती से बाहर निकलने की कोशिश ही कर रहे थे कि पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग, मोबाइल, पर्स और कागजात लेकर फरार हो गए।

सिद्धांत का कहना है कि कार में सवार लोग भी बाइक सवार बदमाशों के साथ मिले हुए थे। पूरी वारदात पहले से प्लान की गई लगती है।

बिल्सी के गांव भतरी गोवर्धनपुर निवासी सिद्धांत कुमार शर्मा, मुकेश शंखधार के बेटे हैं। वह गाजियाबाद से ड्राई फ्रूट्स और किराने का सामान लाकर बदायूं जिले के व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। उनका परिवार गाजियाबाद में रहता है।

रविवार को वह अपने मामा के साथ गांव आए थे। मामा जलालाबाद चले गए, जबकि सिद्धांत बाइक से दुकानदारों से तकादे की रकम लेने निकले थे। उन्होंने बदायूं, आंवला, फैजगंज बेहटा, बिल्सी और बिसौली के दुकानदारों से रकम वसूली थी। लौटते समय ही रास्ते में यह वारदात हो गई।

लूट की सूचना मिलते ही सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से पूरी जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।

सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है।

इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, नहीं तो इस तरह की घटनाएं बढ़ती जाएंगी।

—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.