12:25 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

नया आलू आते ही पुराने आलू के भाव धड़ाम, उझानी के किसान परेशान

नया आलू आते ही पुराने आलू के भाव धड़ाम, उझानी के किसान परेशान।

उझानी (बदायूँ) 17 नवंबर ।

उझानी मंडी में नया आलू आते ही पुराने आलू के भाव धड़ाम हो गए हैं। एक हफ्ते पहले तक 55-60 रुपये किलो बिक रहा नया आलू अब 35-40 रुपये किलो पर आ गया है। पंजाब से नया आलू पहुंचते ही बाजार का समीकरण पूरी तरह बदल गया है।

जनपद के शीतगृहों की कुल भंडारण क्षमता 20 लाख बोरी है। एक महीना पहले तक इनमें 5 लाख बोरी आलू शेष था। किसानों को उम्मीद थी कि दिवाली तक शीतगृह खाली हो जाएंगे, लेकिन अभी भी करीब 2 लाख बोरी से ज्यादा पुराना आलू भंडारित है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि शीतगृहों में अभी लगभग 2 लाख बोरी आलू भंडारित है। नवंबर माह तक शीतगृह खाली होने हैं, लेकिन भाव गिरने से निकासी की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

उझानी मंडी में पुराना आलू अब 300 रुपये प्रति बोरी (50 किलो) के भाव पर बिक रहा है, जो एक सप्ताह पहले तक 400 रुपये के करीब था। यानी प्रति बोरी करीब 100 रुपये की गिरावट आई है।

व्यापारियों का कहना है कि कर्नाटक और पूना के बाद अब पंजाब से नए आलू की आवक शुरू हो गई है। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक स्थानीय नया आलू भी बाजार में आ जाएगा। इससे पुराने आलू की मांग और घटेगी।

शीतगृह में आलू रखते समय सोचा था भाव बढ़ेंगे, लेकिन अब एक बोरी पर किराया देने के बाद भी लागत नहीं निकल रही। नया आलू आते ही पुराना कोई पूछ नहीं रहा।- लाखन सिंह, किसान उझानी

आलू की खेती अब घाटे का सौदा बन गई है। लागत, किराया, मजदूरी सब जेब से जा रहा है। बीरेंद्र यादव, किसान, उझानी।

जहाँ एक तरफ उपभोक्ताओं को सस्ता आलू मिलने से राहत मिली है, वहीं किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। खुदरा बाजार में आलू 35-40 रुपये किलो बिक रहा है, जो कुछ दिन पहले तक 60 रुपये तक था।

किसानों का कहना है कि भंडारण के समय उन्हें लगा था कि दिवाली के बाद भाव सुधरेंगे, लेकिन नया आलू आते ही बाजार बैठ गया। कई किसानों ने निकासी रोक दी है, जिससे शीतगृहों में स्टॉक बढ़ने का डर है।

व्यापारियों का कहना है कि जब तक नया आलू पूरी तरह बाजार में नहीं आ जाता, पुराने आलू के भाव में और गिरावट आ सकती है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.