12:33 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी- गंगा की लहरों पर उतरा आस्था का सूरज, कछला घाट पर छठी मैया के जयकारों से गूंजा आसमान

।

कछला उझानी (बदायूं) 16 नवंबर।

सोमवार की सुबह जब सूरज की पहली किरण गंगा के पानी पर पड़ी तो कछला घाट आस्था से नहा उठा। 36 घंटे से निर्जला व्रत पर रहीं व्रती महिलाओं ने कांपते हाथों से, भीगी आंखों से उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और फिर व्रत का पारण किया। जय छठी मैया के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया।

रविवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कोई घर नहीं लौटा। रातभर कछला घाट भजन-कीर्तन से जागता रहा। महिलाएं गंगा किनारे बैठकर छठी मैया के गीत गाती रहीं। जैसे ही ब्रह्म मुहूर्त हुआ, तड़के चार बजे से ही घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

सुबह की ठंड, गंगा का ठंडा पानी, लेकिन आस्था के आगे सब फीका था। व्रती महिलाएं बांस के सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और दीप सजाकर गंगा में उतर गईं। घुटने भर पानी में खड़े होकर जब उन्होंने उगते सूरज को अर्घ्य दिया तो पूरा घाट एक साथ बोल उठा – जय छठी मैया।

कछला के कुष्ठ आश्रम में रह रही करीब एक दर्जन महिलाओं ने भी पूरे विधि-विधान से पूजा की। उनके लिए स्थानीय लोगों ने पूजा सामग्री और प्रसाद की व्यवस्था की थी। उनकी आस्था और भक्ति को देखकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। किसी ने कहा – जिसके पास कुछ नहीं, उसकी आस्था सबसे बड़ी होती है।

पूरी रात घाट पर पुलिस बल तैनात रहा। नगर पंचायत ने सफाई, रोशनी और पेयजल का पूरा इंतजाम कर रखा था। गंगा में गोताखोर भी तैनात थे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

सुषमा बोलीं – छठ का व्रत बेहद कठिन होता है, भूखे-प्यासे रहना पड़ता है। लेकिन छठी मैया की कृपा से सब पूरा हो जाता है। यह पर्व शुद्धता, संयम और आस्था का प्रतीक है।

अर्घ्य के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को प्रसाद बांटा, गले मिलीं और शुभकामनाएं दीं। किसी ने बेटे की लंबी उम्र मांगी, किसी ने परिवार की खुशहाली। गंगा की लहरों पर सूरज चमक रहा था और घाट पर आस्था का उजाला फैला हुआ था।

कछला से गोपी तोमर

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.